वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के बेनीपुर गांव स्थित ज्ञानपुर नहर पर शुक्रवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने पशु चिकित्सक पर धारदार हथियार से हमला कर ₹12 हजार की नकदी लूट ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
भोरकला निवासी पशु चिकित्सक कृष्णानंद मिश्रा अपने साथी आकाश सिंह (निवासी बड़ी खजूरी) के साथ इलाज के लिए बेनीपुर जा रहे थे। तभी आधा दर्जन बदमाश बाइक से पहुंचे और अचानक उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जेब से पर्स छीन लिया, जिसमें करीब ₹12 हजार रुपये थे। जाते-जाते बदमाश उनकी बाइक की चाबी भी ले गए।
घटना में घायल चिकित्सक खून से लथपथ हालत में किसी तरह थाने पहुंचे और लिखित तहरीर दी। पीड़ित का आरोप है कि इससे पहले भी भोरकला और लालपुर गांव के कुछ लोग उनके घर पर चढ़कर उन्हें और परिजनों को जान से मारने की धमकी दे चुके हैं।
थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।










