वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को मुख्य कोषाधिकारी (CTO) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर, भवनों, रिकॉर्ड रजिस्टर, दस्तावेजों के रखरखाव और पटल सहायकों के दैनिक कार्यों की जांच की। उन्होंने कार्यालय में रखी बोरियों, संदूक, स्टाम्प पेपर, पुरानी कैश काउंटिंग मशीन और दीवार पर लगे अग्निशमन यंत्र का भी अवलोकन किया।
सफाई पर नाराजगी, अधिकारियों को नोटिस का निर्देश
जिलाधिकारी ने परिसर की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई। जगह-जगह प्लास्टिक और कूड़े-कचरे के ढेर मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने सीटीओ को जालों की सफाई, निष्प्रयोज्य वस्तुओं की नीलामी और कमरों के सीलन से बचाव के उपाय करने के निर्देश दिए।
कार्यालय के पीछे की ओर घास-फूस और झाड़ियों को हटाने का निर्देश नाजिर को दिया गया। वहीं खराब हालत में मिले वाटर कूलर को तुरंत दुरुस्त कराने और कार्यालय की मरम्मत का एस्टीमेट तैयार कर भेजने का आदेश दिया गया।
इस औचक निरीक्षण के दौरान एडीएम सीएस, सीटीओ गोविंद सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










