वाराणसी। “मेरे मां-बाप ने मुझे बड़े लाड़-प्यार से पाला, लेकिन ससुराल में मुझे वह प्यार नहीं मिला… मैं अपने पापा की प्रिंसेस हूं।” ये दर्द भरे शब्द 26 वर्षीय काजल राय के उस सुसाइड नोट में लिखे मिले, जिसे पुलिस ने उसके कमरे से बरामद किया। काजल ने कथित तौर पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न से आहत होकर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
घटना शिवपुर थाना क्षेत्र की महादेवपुरम कॉलोनी (लोढ़ान) की है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। काजल का शव मकान की तीसरी मंजिल के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार बताए जा रहे हैं।
सुसाइड नोट में छलका दर्द
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में काजल ने लिखा कि उसके पति के पास उसके लिए पांच मिनट का भी समय नहीं था और ससुराल के लोग उसे नजरअंदाज करते थे। परिजनों का कहना है कि वह काफी समय से मानसिक तनाव में थी।
दहेज उत्पीड़न का पहले दर्ज कराया था केस
बताया गया कि काजल ने नौ फरवरी को अपने पति नितेश कुमार सिंह, जो बैंक में असिस्टेंट मैनेजर हैं, समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कराया था।
काजल की शादी 16 नवंबर 2024 को हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी में करीब 80 लाख रुपये खर्च किए गए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष कार और अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। सात फरवरी को मारपीट कर उसे घर से निकालने का भी आरोप लगाया गया था।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
काजल के पिता नीरज राय ने शिवपुर थाने में दहेज हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में पति नितेश, जेठ विवेक सिंह और अभिषेक सिंह, जेठानी प्रिया, सास कनक लता सिंह, ननद नीतू, अमित, देवर अनूप, नरेंद्र और प्रमिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
परिजनों का आरोप है कि जेठानी ने करंट लगाकर जान से मारने की कोशिश की थी और दोनों जेठों की नीयत भी ठीक नहीं थी। काजल ने फोन पर कई बार इन बातों की जानकारी दी थी।
मायके में पसरा मातम
काजल का मायका चंदौली जिले के सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास शिवगढ़ में है। वह तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और उसकी कोई संतान नहीं थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।










