बागपत। जिले के एक गांव में आठवीं कक्षा की करीब 15 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी छात्रा (परिवर्तित नाम आरती) मंगलवार दोपहर करीब दो बजे घर पर थी। परिजनों के मुताबिक, उसने पहले घर के सदस्यों को चाय बनाकर दी और फिर यह कहकर अपने कमरे में चली गई कि उसे नींद आ रही है। करीब एक घंटे बाद जब वह बाहर नहीं आई तो परिवार के लोग उसे देखने पहुंचे। कमरे में पहुंचने पर वह अचेत अवस्था में मिली।
घबराए परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. विजय प्रकाश ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और परिजनों से पूछताछ की।
जेब से मिला सुसाइड नोट
पुलिस को छात्रा की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में लिखा है, “मैंने गलती की थी, मुझे अपनी गलती का पछतावा था। मैंने माफी मांगी, पर किसी ने मेरी नहीं सुनी। मुझे पढ़ाई करनी थी, पर सबने मना कर दिया। इसलिए मैं जीना नहीं चाहती। पापा मुझे माफ कर देना।”
हालांकि, परिजनों ने शुरुआत में बुखार के कारण मौत होने की बात कही थी, लेकिन प्राथमिक जांच में जहरीला पदार्थ निगलने की आशंका जताई गई है। जांच अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। सुसाइड नोट की भी जांच की जा रही है और अन्य पहलुओं पर पड़ताल जारी है।
गांव के लोगों के अनुसार, छात्रा पढ़ाई में रुचि रखती थी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।










