भारत-पाकिस्तान मैच विवाद पर आई बृजभूषण शरण सिंह की प्रतिक्रिया, ट्रंप पर भी साधा निशाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एशिया कप 2025 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर माहौल गर्माया हुआ है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद इस मैच का जमकर विरोध हो रहा है, वहीं दूसरी ओर फैंस भारतीय टीम की जीत की दुआएं मांग रहे हैं। इसी बीच बीजेपी के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

खेल भावनाओं से नहीं, नियमों से चलता है – सिंह

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि खेल एक अलग दुनिया है, जहां भावनाओं के आधार पर फैसले नहीं लिए जाते। किसी भी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की शर्तों में साफ होता है कि जाति, भाषा या किसी अन्य आधार पर किसी भी देश या खिलाड़ी को रोकना संभव नहीं है। उन्होंने विरोध करने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि शायद वे खेल की गंभीरता को समझते नहीं हैं।

“ट्रंप क्या है… पागल है”

जब उनसे पूछा गया कि क्या यह मैच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में खेला जा रहा है, तो उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “ट्रंप श्रंप माने क्या है भाई? ट्रंप कौन है? पागल है और क्या है। हर बार उसका नाम क्यों घसीटते हो?”

मोदी सरकार में खेल का सकारात्मक माहौल

खेल संगठनों से दोबारा जुड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे पहले से ही खेलों से जुड़े हुए हैं। आगे उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के आने के बाद देश में खेल का माहौल और बेहतर हुआ है। पहले कुछ गड़बड़ियां थीं जिन्हें मौजूदा खेल मंत्री धीरे-धीरे खत्म कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत अब 2036 ओलंपिक की मेजबानी की तैयारी की दिशा में कदम बढ़ा रहा है और इसके लिए पूरा देश जुटा हुआ है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें