जौनपुर: शादी में आए युवक को घर से बुलाकर मारी गोली, हालत नाज़ुक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जौनपुर जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुजार में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। टेंट हाउस संचालक के भतीजे धीरज यादव (22) को बदमाशों ने फोन कर घर से बुलाया और उसके बाद गोली मारकर घायल कर दिया। गंभीर हालत में धीरज को मछलीशहर से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया। युवक की स्थिति अभी नाज़ुक बताई जा रही है।

क्या है मामला?

देवरिया निवासी राजेंद्र यादव का भतीजा धीरज यादव मुंबई में काम करता है। घर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए वह इन दिनों गांव आया हुआ था। बुधवार रात उसे एक फोन आया, जिसके बाद वह घर से बाहर निकला। तभी मुजार क्षेत्र में पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे गोली मार दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल धीरज को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। एसएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिकरारा निवासी राजा पासी और उसके साथियों पर संदेह गहरा हुआ है। परिजनों की तहरीर पर राजा पासी सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना का खुलासा करने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया। संयुक्त प्रयास से पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त असलहा भी बरामद कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक मछलीशहर को निर्देश दिया गया है कि सभी पहलुओं की गहन जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें