भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार देर रात उत्तर प्रदेश के 14 जिलों में नए जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी। प्रदेश चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने यह सूची जारी की। पार्टी ने जिले स्तर पर कराए गए संगठनात्मक चुनावों के बाद लंबे समय से लंबित इस घोषणा को अंतिम रूप दिया।
गौरतलब है कि बीजेपी पहले ही 70 जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर चुकी है। नई सूची आने के बाद अब 98 में से 84 जिलाध्यक्ष तय हो चुके हैं, जबकि वाराणसी समेत 14 जिलों के अध्यक्षों की घोषणा अभी बाकी है।
फतेहपुर के जिलाध्यक्ष को हटाया गया
नई सूची में पाँच जिलों में पुराने चेहरों को दोबारा मौका मिला है, जबकि गंभीर आरोपों से घिरे फतेहपुर के जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल को पार्टी ने पद से हटा दिया। उन पर संगठन में पद दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये लेने के आरोप लगे थे। उनके स्थान पर अन्नू श्रीवास्तव को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
ओबीसी को मिला सबसे अधिक प्रतिनिधित्व
घोषित 14 जिलाध्यक्षों में सात पिछड़ा वर्ग से, छह सामान्य वर्ग से और एक अनुसूचित जाति से हैं। अलीगढ़ जिला, अलीगढ़ महानगर, फिरोजाबाद जिला, कौशांबी और फिरोजाबाद में पार्टी ने पुराने जिलाध्यक्षों पर ही भरोसा जताया है।
घोषित 14 नए जिलाध्यक्षों की सूची
-
मेरठ जिला: हरवीर पाल
-
हापुड़: कविता माधरे
-
फिरोजाबाद जिला: उदय प्रताप सिंह
-
हाथरस: प्रेम सिंह कुशवाहा
-
अलीगढ़ महानगर: राजीव शर्मा
-
अलीगढ़ जिला: कृष्ण पाल सिंह लाला
-
एटा: प्रमोद गुप्ता
-
जालौन: उर्विजा दीक्षित
-
झांसी महानगर: सुधीर सिंह
-
हमीरपुर: शकुन्तला निषाद
-
फतेहपुर: अन्नू श्रीवास्तव
-
बाराबंकी: राम सिंह वर्मा
-
जौनपुर: अजीत प्रजापति
-
कौशांबी: धर्मराज मौर्या










