लखनऊ। कारगिल विजय दिवस 2025 ( Kargil Vijay Diwas 2025) के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीर जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए एक अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना के तहत सेवा देने वाले अग्निवीरों को यूपी पुलिस में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। यह कदम पूर्व सैनिकों को सम्मान देने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में बड़ा निर्णय माना जा रहा है। इससे पहले भी सीएम योगी ने पुलिस और पीएसी में पूर्व अग्निवीरों को आरक्षण देने की बात कही थी।
वीरों को नमन, देशभक्ति का संदेश
सीएम योगी ने कहा, “पूरा देश आज कारगिल युद्ध के शूरवीरों को याद कर रहा है। जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, उनके शौर्य और पराक्रम को हमारा सलाम है। हम उनके साहस के प्रति कृतज्ञ हैं जिन्होंने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।”
‘पाकिस्तान ने थोपा था युद्ध’ – सीएम योगी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध भारत पर पाकिस्तान द्वारा थोपा गया था। लेकिन हमारे जवानों ने दुश्मन को करारा जवाब दिया और कारगिल की ऊंचाइयों पर जीत का परचम फहराया। योगी ने कहा कि माइनस 50 डिग्री तापमान जैसी मुश्किल परिस्थितियों में भी भारतीय सैनिक पीछे नहीं हटे, जबकि पाकिस्तान को पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दृढ़ नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भारत किसी भी अंतरराष्ट्रीय दबाव के आगे नहीं झुका।
ऑपरेशन सिंदूर और तीर्थ यात्रियों पर निशाना
सीएम योगी ने पाकिस्तान की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान तीर्थ यात्रियों तक को निशाना बनाता है, लेकिन हमारी सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत महज 22 मिनट में आतंकियों के अड्डों को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत आज एक नई शक्ति के रूप में उभर रहा है, लेकिन कुछ लोग देश को अंदर से कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं।
‘घुसपैठियों के प्रति सहानुभूति खतरनाक’
मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि जो लोग भारत को भीतर से तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, वे देश के दुश्मनों और घुसपैठियों के समर्थक हैं। उनका उद्देश्य भारत को कमजोर करना है, और यह मानसिकता बेहद खतरनाक है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि ऐसे विभाजनकारी सोच से सावधान रहना होगा और एकजुट होकर देश को आगे ले जाना होगा।










