Karur Stampede : हाईकोर्ट पहुंची एक्टर विजय की पार्टी, रैली में भगदड़ के पीछे साजिश का जताया संदेह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चेन्नई। तमिलनाडु के करूर में शनिवार को विजय की रैली के दौरान मची भगदड़ ने बड़ा हादसा रूप ले लिया। इस दर्दनाक घटना में 40 लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 100 लोग घायल हो गए। घटना के बाद अभिनेता और राजनेता विजय की पार्टी तमिऴगा वेतत्रि कळगम (TVK) ने राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी DMK पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

TVK की हाईकोर्ट में याचिका

TVK के वकील अरिवाजगन ने NDTV से बातचीत में बताया कि पार्टी ने मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका में मांग की गई है कि या तो इस मामले की जांच विशेष जांच टीम (SIT) से कराई जाए या फिर इसे CBI को सौंपा जाए। उन्होंने राज्य सरकार के इस दावे को खारिज किया कि रैली में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन हुआ था।

TVK का आरोप– “यह सोची-समझी साजिश”

अरिवाजगन का कहना है कि, “करूर हादसा एक षड्यंत्र का नतीजा है। हमारे पास स्थानीय लोगों से मिली विश्वसनीय जानकारी और कुछ CCTV फुटेज हैं, जो यह साबित करते हैं कि सत्ता पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं की इसमें भूमिका रही है।”

राज्य सरकार का पक्ष

वहीं राज्य सरकार ने अपने बयान में कहा कि रैली स्थल की क्षमता 10,000 लोगों की थी, लेकिन वहां 27,000 से ज्यादा भीड़ जमा हो गई थी। सरकार का आरोप है कि यह भीड़ जानबूझकर बढ़ाई गई। उन्होंने यह भी कहा कि विजय की रैली में देरी ने स्थिति को और बिगाड़ा। इस दावे पर TVK ने सफाई दी कि विजय ट्रैफिक जाम की वजह से देर से पहुंचे, इसमें पार्टी की कोई गलती नहीं थी।

मामला दर्ज

सरकार ने रैली में सुरक्षा नियमों की अनदेखी का हवाला देते हुए TVK के कुछ नेताओं पर हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही, इस हादसे की जांच के लिए उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक जांच आयोग गठित किया गया है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें