वाराणसी आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड एक दिसंबर से ‘काशी दर्शन बस सेवा’ की शुरुआत करने जा रही है। इस विशेष पैकेज टूर के तहत पर्यटकों को मात्र 10 घंटे 30 मिनट में काशी के प्रमुख मंदिरों और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके लिए प्रति यात्री 2499 रुपये का किराया तय किया गया है।
सुबह 8 बजे से शुरू होगा टूर
यह बस सेवा कैंट स्थित चौधरी चरण सिंह बस स्टेशन से सुबह 8 बजे रवाना होगी और शाम 6:30 बजे वापस लौट आएगी।
पर्यटकों की सुविधा के लिए बसों में प्रशिक्षित गाइड मौजूद रहेंगे, जो हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में काशी के इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिक महत्व से जुड़ी जानकारी देंगे।
इन प्रमुख स्थानों का कराया जाएगा दर्शन
‘काशी दर्शन बस सेवा’ के अंतर्गत यात्रियों को निम्न प्रमुख स्थलों की यात्रा कराई जाएगी—
-
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर
-
अन्नपूर्णा मंदिर
-
काल भैरव मंदिर
-
संकट मोचन हनुमान मंदिर
-
दुर्गाकुंड मंदिर
-
तुलसी मानस मंदिर
-
सारनाथ (बौद्ध तीर्थ स्थल)
पैकेज में श्री काशी विश्वनाथ धाम सुगम दर्शन का टिकट भी शामिल है, जिससे यात्री बिना भीड़ में फंसे आराम से दर्शन कर सकेंगे।
सुबह-ए-बनारस और शाम की गंगा आरती भी पैकेज का हिस्सा
यात्रा को और खास बनाने के लिए इसमें दो विशेष अनुभव शामिल हैं—
-
सुबह-ए-बनारस की भव्य आरती
-
शाम की विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती
खाने-पीने का भी पूरा इंतज़ाम किया गया है। सुबह यात्री कचौड़ी-सब्जी और जलेबी का स्वाद लेंगे, जबकि शाम को चाट और अन्य बनारसी व्यंजन परोसे जाएंगे।
शुरुआत इलेक्ट्रिक बस से, आगे बढ़ेगी संख्या
पहले चरण में एक इलेक्ट्रिक बस चलाई जाएगी। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय के अनुसार, यात्रियों की संख्या के आधार पर आगे बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
यह नई सेवा काशी आने वालों के लिए यात्रा को न सिर्फ आसान बनाएगी, बल्कि उन्हें शहर की संस्कृति, अध्यात्म और परंपराओं से जुड़ा एक यादगार अनुभव भी देगी।










