बिहार चुनाव परिणामों के बाद RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार में चल रहे तनाव ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। पारिवारिक कलह के बीच अब लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य का नया X (ट्विटर) पोस्ट सामने आया है, जिसने सियासी हलचल और बढ़ा दी है। कुछ दिन पहले ही रोहिणी ने राजनीति छोड़ने और परिवार से नाता तोड़ने की घोषणा की थी। अब उनके ताज़ा पोस्ट में झलकता दर्द कई सवाल खड़े कर रहा है।
मुझसे मेरा मायका छुड़वाया गया…रोहिणी का भावुक पोस्ट
रोहिणी ने अपने X पोस्ट में लिखा, कल एक बेटी, एक बहन, एक शादीशुदा महिला, एक माँ को जलील किया गया, गंदी गालियाँ दी गईं, मारने के लिए चप्पल उठाया गया। मैंने अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया, सच का समर्पण नहीं किया। सिर्फ इसी वजह से मुझे बेइज्जती झेलनी पड़ी। कल एक बेटी मजबूरी में अपने रोते हुए माँ-बाप, बहनों को छोड़ आयी। मुझसे मेरा मायका छुड़वाया गया… मुझे अनाथ बना दिया गया। आप सब कभी मेरे रास्ते न चलें। किसी घर में रोहिणी जैसी बेटी-बहन पैदा न हो।”
कल मुझे गालियों के साथ बोला गया कि मैं गंदी हूँ और मैंने अपने पिता को अपनी गंदी किडनी लगवा दी , करोड़ों रूपए लिए , टिकट लिया तब लगवाई गंदी किडनी .. सभी बेटी – बहन , जो शादीशुदा हैं उनको मैं बोलूंगी कि जब आपके मायके में कोई बेटा – भाई हो , तो भूल कर भी अपने भगवान रूपी पिता को…
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) November 16, 2025
परिवार से दूरी और राजनीति से संन्यास की घोषणा
कुछ दिन पहले रोहिणी ने सोशल मीडिया पर ही यह घोषणा की थी कि वह राजनीति छोड़ रही हैं और अपने पैतृक परिवार से भी दूरी बना रही हैं। उनका ताजा पोस्ट बताता है कि परिवार के भीतर हालात पिछले कुछ दिनों में और बिगड़े हैं।
राजनीतिक हलकों में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर लालू यादव के परिवार के भीतर ऐसी स्थिति क्यों बनी कि रोहिणी को सार्वजनिक मंच पर इतना बड़ा दर्द बयां करना पड़ा।
रोहिणी के पोस्ट ने सियासी हलचल जरूर बढ़ाई है, लेकिन RJD या लालू परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। इस चुप्पी ने मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है।










