वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र में दीपावली से पहले पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक कपड़े की दुकान से भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के नेतृत्व में की गई।
सूचना मिली थी कि दशमी इलाके में एक कपड़े की दुकान के अंदर बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है। गुप्त सूचना की पुष्टि के लिए एसीपी ने सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भेजकर जांच कराई। जब सूचना सही पाई गई, तो पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान दुकान के अंदर छिपाकर रखी गई पटाखों की कई बोरियां मिलीं। पुलिस ने करीब 3.5 क्विंटल पटाखे जब्त किए हैं। बरामद किए गए सभी पटाखों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है।
पुलिस ने दुकान संचालक संजय गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी से यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से और कैसे लाए गए।
उन्होंने बताया कि सभी पटाखों को सीज कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है। दीपावली से पहले इस कार्रवाई को प्रशासन ने बड़ी सफलता बताया है, क्योंकि इससे संभावित हादसों और अवैध बिक्री पर रोक लग सकेगी।










