दार्जिलिंग में भूस्खलन और पुल टूटने से 9 की मौत, कई लापता, PM Modi ने जताया शोक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर बंगाल इन दिनों लगातार हो रही भारी बारिश से जूझ रहा है। दार्जिलिंग जिले में बारिश ने कहर बरपा दिया है। भूस्खलन और पुल टूटने की घटनाओं में अब तक कम से कम 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन और राहत दल मौके पर जुटे हैं, लेकिन लगातार बारिश बचाव कार्यों में बड़ी बाधा बन रही है।

भारी बारिश से बिगड़ा हालात

मिरिक और सुखिया इलाकों में हुए भीषण भूस्खलन ने कई घरों को अपने साथ बहा दिया। सड़कों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है और कई गांवों का संपर्क टूट गया है। कालिम्पोंग में भी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। लगातार हो रही बारिश से लोग घरों में कैद हैं और बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हैं।

पीएम मोदी ने जताया दुख

दार्जिलिंग में हुए हादसों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने ‘X’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा,“दार्जिलिंग में पुल ढहने और भूस्खलन में जान-माल की हानि से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। केंद्र सरकार हालात पर नजर रखे हुए है और हर संभव मदद दी जाएगी।”

लोहे का पुल ढहा, यातायात ठप

भारी बारिश के कारण दुधिया क्षेत्र में लोहे का पुल ढह गया, जिसके चलते सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग राज्य राजमार्ग (SH-12) पर सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। इससे दार्जिलिंग आने-जाने वाले सैकड़ों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

मिरिक-सुखियापोखरी रोड पर सबसे बड़ा भूस्खलन

दार्जिलिंग के मिरिक-सुखियापोखरी मार्ग पर विशाल भूस्खलन हुआ जिसने कई घरों को मलबे में तब्दील कर दिया। दार्जिलिंग के उप-निबंधक रिचर्ड लेप्चा के अनुसार, अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और कुछ लोगों के अब भी फंसे होने की आशंका है। राहत कार्यों में स्थानीय लोग और स्वयंसेवक भी प्रशासन की मदद कर रहे हैं।

भाजपा सांसद राजू बिस्ता ने जताया दुख

दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्ता ने कहा कि भारी बारिश के चलते इलाके में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि “हमारे कार्यकर्ताओं को राहत कार्यों में जुटने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पीड़ित परिवारों तक जल्द सहायता पहुंचाई जा सके।”

सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके

जिले के बिश्नुलाल गांव, वार्ड नंबर 3 लेक साइड और जसबीर गांव सबसे अधिक प्रभावित बताए जा रहे हैं। कई घर और चाय बागान के क्वार्टर भूस्खलन में दब गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के चलते मशीनरी और राहत सामग्री पहुंचाने में मुश्किलें आ रही हैं।

IMD का अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग ने 6 अक्टूबर तक उत्तर बंगाल, खासकर दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों के लिए ‘अत्यधिक भारी बारिश’ का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में और भूस्खलन हो सकते हैं तथा सड़कों के बंद होने का खतरा बना रहेगा।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें