वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र स्थित जयप्रकाश नगर पुलिया के पास एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान शिल्पा (32) पत्नी प्रिंस सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिल्पा अपने पति और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती थीं।
परिवार में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि शिल्पा और प्रिंस सिंह की शादी मई 2019 में हुई थी। दोनों मूल रूप से चंदवक क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना पर सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा और नगर निगम चौकी प्रभारी पंकज पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो मौके से जरूरी सबूत एकत्र कर रही है।
दोनों पक्षों के लोग पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।









