जौनपुर में शुक्रवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां बारात लेकर जा रहे 22 वर्षीय दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना खेतासराय थाना क्षेत्र की है, जो जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर है।
ओवरटेक कर रोकी कार, फिर बरसाईं गोलियां
मृतक आजाद की बारात सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव से बीबीपुर गांव जा रही थी। रात करीब 9 बजे मनेछा गांव के पास दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दूल्हे की कार को ओवरटेक कर रोक लिया।
इसके बाद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। दूल्हे को पेट में दो और जबड़े पर एक गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ड्राइवर भागा, परिजन पहुंचे तो खून से लथपथ मिला दूल्हा
दूल्हे के छोटे भाई आकाश के मुताबिक, हमला इतना अचानक हुआ कि कार का ड्राइवर जान बचाकर मौके से भाग गया। पीछे आ रही बारात की गाड़ियों में सवार परिजन जब मौके पर पहुंचे, तो दूल्हा खून से लथपथ मिला।
उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुणे में करता था नौकरी
आजाद पुणे में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था और अपनी शादी के लिए घर आया हुआ था। परिवार में खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया।
पुरानी रंजिश की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है। आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल से सबूत जुटाए गए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
पिता ने बताई पुरानी घटना
मृतक के पिता रामलखन बिंद ने बताया कि करीब 3 साल पहले जपतापुर गांव के कुछ लोगों ने उन्हें और उनके बेटे को बुरी तरह पीटा था, जिसमें उनके हाथ-पैर तक टूट गए थे। उस मामले में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
राजनीतिक प्रतिनिधि पहुंचे
घटना के बाद राकेश मौर्या पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।










