उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की शुक्रवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ गई। कार्यक्रम के दौरान उन्हें सीने में दर्द और घबराहट महसूस हुई, जिसके बाद वह बेहोश हो गए। आनन-फानन में उन्हें मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इमरजेंसी में डॉक्टरों की निगरानी में इलाज शुरू हुआ और बाद में उन्हें ICU में शिफ्ट कर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि लखनऊ में आयोजित श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा कार्यक्रम के दौरान अजय राय की तबीयत बिगड़ी। वे पार्टी मुख्यालय में मौजूद थे, तभी अचानक बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत हुई। घर ले जाते समय रास्ते में उनकी हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद सीधे अस्पताल ले जाया गया।
जांच में क्या आया सामने?
डॉक्टरों ने शुरुआत में हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक की आशंका को देखते हुए जांच की। ब्लड टेस्ट, ट्रॉप-टी और ट्रॉप-आई समेत कई जांच कराई गईं, जो सामान्य पाई गईं।
मेदांता के निदेशक डॉ. राकेश कपूर के अनुसार, अजय राय की तबीयत बिगड़ने की मुख्य वजह शरीर में सोडियम की कमी (लो सोडियम लेवल) रही। सीटी स्कैन में भी कोई गंभीर समस्या नहीं मिली है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वे होश में आ चुके हैं।
पीएम मोदी ने जताई चिंता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजय राय के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
डॉक्टरों की टीम निगरानी में
अजय राय का इलाज कार्डियोलॉजिस्ट और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की टीम की निगरानी में जारी है। फिलहाल उन्हें ICU में ऑब्जर्वेशन में रखा गया है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।










