दुनिया के प्रतिष्ठित अख़बार द वॉशिंगटन पोस्ट में बड़े पैमाने पर छंटनी की गई है। प्रबंधन के इस फैसले के तहत अख़बार के करीब एक-तिहाई कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है। इस छंटनी की चपेट में भारत से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार इशान थरूर भी आए हैं, जो कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बेटे हैं।
इशान थरूर अंतरराष्ट्रीय मामलों पर लेखन के लिए जाने जाते थे और लंबे समय से वॉशिंगटन पोस्ट से जुड़े हुए थे। उन्होंने सोशल मीडिया के ज़रिये अपनी विदाई की पुष्टि करते हुए लिखा कि उन्हें और इंटरनेशनल टीम के कई शानदार पत्रकारों को एक साथ बाहर कर दिया गया है। उन्होंने अपने न्यूज़रूम और दुनिया भर में काम कर रहे सहयोगियों के लिए गहरा दुख व्यक्त किया।
वॉशिंगटन पोस्ट ने इस छंटनी के साथ अपना स्पोर्ट्स सेक्शन पूरी तरह बंद कर दिया है। इसके अलावा कई विदेशी ब्यूरो समेट दिए गए हैं और किताबों से जुड़ी कवरेज भी खत्म कर दी गई है। इस फैसले को मीडिया इंडस्ट्री में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी कटौतियों में से एक माना जा रहा है।
अख़बार के कार्यकारी संपादक मैट मरे ने कहा कि बदलते डिजिटल दौर और पाठकों की आदतों में आए बदलावों के चलते यह कठिन फैसला लेना पड़ा। वहीं, इस कदम की कई वरिष्ठ पत्रकारों और मीडिया विशेषज्ञों ने आलोचना की है और इसे अख़बार की वैश्विक पहचान के लिए नुकसानदेह बताया है।










