MLC Election: वाराणसी में नामांकन शुरू, 23 अक्टूबर को मतदान; जानें पूरी चुनावी प्रक्रिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। निर्वाचन अधिकारी एवं कमिश्नर एस. राजलिंगम ने सुबह 11 बजे अधिसूचना जारी कर नामांकन प्रक्रिया शुरू कराई। पहले दिन दोपहर एक बजे तक चार प्रत्याशियों ने चालान की राशि जमा कर नामांकन के लिए आवेदन पत्र लिया। इनमें तीन प्रत्याशी स्नातक और एक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से हैं। इसके अलावा 17 उम्मीदवारों ने चालान पत्र लिया, जिनमें 13 स्नातक और चार शिक्षक क्षेत्र के हैं।

वाराणसी खंड स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी, चार लोगों ने लिया पर्चा तो 17 ने चालान - four individuals collected nomination papers ...

अलग-अलग कक्षों में होगा नामांकन

वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन की व्यवस्था आयुक्त कार्यालय परिसर स्थित अपर आयुक्त (प्रशासन) के न्यायालय कक्ष में की गई है। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी आयुक्त कार्यालय परिसर स्थित अपर आयुक्त (द्वितीय) के न्यायालय कक्ष में नामांकन दाखिल करेंगे।

वाराणसी खंड स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी, चार लोगों ने लिया पर्चा तो 17 ने चालान - four individuals collected nomination papers ...

नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रत्याशियों को विकास भवन के सामने स्थित कमिश्नरी परिसर के गेट से प्रवेश दिया जा रहा है। यहां से सभागार के सामने होते हुए प्रत्याशी नामांकन कक्ष तक पहुंच सकेंगे।

6 अक्टूबर तक दाखिल होंगे नामांकन

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी के लिए अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को की जाएगी।

उम्मीदवार के लिए ये शर्तें जरूरी

एमएलसी चुनाव में नामांकन के लिए उम्मीदवार को निर्धारित पात्रता पूरी करनी होगी। इसके तहत प्रदेश की किसी भी विधानसभा निर्वाचन सूची का मतदाता होना आवश्यक है।

उम्मीदवार के लिए विधान परिषद की मतदाता सूची में नाम दर्ज रखने वाले 10 प्रस्तावकों का होना अनिवार्य है। जमानत राशि एससी-एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 5,000 रुपये, जबकि अन्य उम्मीदवारों के लिए 10,000 रुपये निर्धारित है। यह राशि चालान के माध्यम से निर्धारित लेखा शीर्षक में जमा कर उसकी रसीद नामांकन पत्र के साथ लगानी होगी।

यदि कोई उम्मीदवार राजनीतिक दल से संबंधित है तो उसे निर्धारित फार्म एए, बीबी अथवा कक-खख भी जमा करना अनिवार्य होगा। नामांकन पत्र स्वयं प्रत्याशी या उसके प्रस्तावक द्वारा जमा किया जा सकता है।

नामांकन पत्र के साथ प्रत्याशी को 10 फोटोग्राफ भी देने होंगे। तस्वीरों में टोपी या हैट और काले रंग का चश्मा नहीं होना चाहिए।

पात्र लोग अभी भी मतदाता सूची में करा सकते हैं नाम दर्ज

वाराणसी में खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची को लेकर जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को राजनीतिक दलों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक की।

उन्होंने बताया कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में जिन पात्र लोगों के नाम अभी तक शामिल नहीं हो पाए हैं, वे फार्म-18 और फार्म-19 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। हालांकि किसी राजनीतिक दल या संगठन की ओर से बल्क में फार्म जमा नहीं कराया जाएगा। परिवार से संबंधित लोगों के फार्म परिवार का कोई व्यक्ति जमा कर सकता है।

स्नातक क्षेत्र में 81 मतदेय स्थल का प्रस्ताव

प्रशासन के अनुसार वाराणसी में खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में फिलहाल 73 मतदेय स्थल हैं। इनमें आठ बूथों पर 1,400 से अधिक मतदाता होने के कारण एक-एक सहायक मतदेय स्थल बनाए जाएंगे। इसके बाद कुल 81 मतदेय स्थल और 21 मतदान केंद्र बनाए जाने का प्रस्ताव है।

वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 21 मतदेय स्थल और 21 मतदान केंद्र यथावत रहेंगे।

वाराणसी में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में कुल 63,941 मतदाता, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 7,478 मतदाता दर्ज हैं। नामांकन शुरू होने के साथ ही दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

न्यूज राष्ट्र

Leave a Comment

और पढ़ें