वाराणसी। सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप को लेकर पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने इसे काशी और पूरे पूर्वांचल के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि वाराणसी में राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और खेलों को बढ़ावा देने की सोच का परिणाम है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके सहयोग और पहल से ही इतना भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन संभव हो सका।
उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद वाराणसी में इतने बड़े स्तर की राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है, जिसे देखने और उससे सीखने के लिए काशी के साथ-साथ पूरे पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी और खेल प्रेमी पहुंच रहे हैं। इससे स्थानीय युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
डॉ. अवधेश सिंह ने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन से क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी और छिपी हुई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि काशी अब केवल आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि खेलों के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बना रही है।










