वाराणसी में गंडोला हिलने का वायरल वीडियो फेक या रियल, प्रशासन ने बताई सच्चाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। रोपवे परियोजना को लेकर सोशल मीडिया पर गंडोला के हिलने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों के बीच भ्रम और चिंता की स्थिति बन गई थी। इस मामले में जिला प्रशासन ने 6 जनवरी 2026 को स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वायरल वीडियो भ्रामक है और इसे गलत संदर्भ में फैलाया गया है।

प्रशासन के अनुसार, वीडियो का रोपवे में किसी तकनीकी खराबी या यात्रियों की सुरक्षा से कोई लेना-देना नहीं है। यह दृश्य रोपवे के नियमित और पूर्व-निर्धारित ट्रायल प्रक्रिया का हिस्सा है। वाराणसी रोपवे को अंतरराष्ट्रीय मानकों, विशेषकर यूरोपीय सुरक्षा कोड्स के अनुरूप तैयार किया गया है।

नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) द्वारा किए जा रहे ट्रायल के दौरान आपातकालीन ब्रेकिंग सिस्टम, तेज हवा की स्थिति, सेंसर की सक्रियता और अन्य संभावित परिस्थितियों में सिस्टम की कार्यक्षमता की जांच की जाती है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई देने वाली हलचल किसी भी संरचनात्मक या तकनीकी कमी का संकेत नहीं है, बल्कि सुरक्षा मानकों को परखने की सामान्य प्रक्रिया है।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल आधिकारिक स्रोतों से ही करें। रोपवे परियोजना में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें