कांग्रेस से निलंबन के बाद बोली नवजोत कौर सिद्धू, मैं भ्रष्ट और गैर-जिम्मेदार अध्यक्ष का साथ नहीं…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांग्रेस से सस्पेंड किए जाने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट साझा कर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर सीधा हमला बोला।

नवजोत कौर ने लिखा, “मैं एक असंवेदनशील, गैर-जिम्मेदार, नैतिक रूप से बेईमान और भ्रष्ट अध्यक्ष का साथ देने से इनकार करती हूं। मैं अपने उन भाइयों-बहनों के साथ खड़ी हूं जिन्हें उनकी अक्षमता और ग़ैर-जिम्मेदाराना रवैये से चोट पहुंची है। मैं उन्हें अध्यक्ष के रूप में स्वीकार नहीं करती। मुझे आश्चर्य है कि मुख्यमंत्री उन्हें क्यों बचा रहे हैं!”

500 करोड़ रुपये वाली टिप्पणी पर सख्त कार्रवाई

दरअसल, नवजोत कौर सिद्धू ने मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर 500 करोड़ रुपये की टिप्पणी की थी, जिसके बाद पंजाब की राजनीति गर्मा गई। इसी को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया। पंजाब कांग्रेस प्रमुख वडिंग ने आदेश जारी कर उनके खिलाफ एक्शन लिया।

क्या था विवादित बयान?

नवजोत कौर सिद्धू ने 6 दिसंबर को कहा था कि अगर कांग्रेस उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब का सीएम फेस घोषित करती है, तो वह सक्रिय राजनीति में वापसी करेंगे। उन्होंने दावा किया था कि, “हमारे पास किसी पार्टी को देने के लिए पैसा नहीं है, लेकिन हम पंजाब को एक स्वर्णिम राज्य बना सकते हैं। जो 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।”

विवाद बढ़ने पर दी सफाई

बयान पर हंगामा बढ़ने के बाद नवजोत कौर सिद्धू ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “मैंने सिर्फ इतना कहा कि कांग्रेस ने हमसे कभी कुछ नहीं मांगा। जब पूछा गया कि नवजोत किसी दूसरी पार्टी से सीएम चेहरा बन सकते हैं या नहीं, तो मैंने कहा कि हमारे पास मुख्यमंत्री पद खरीदने के लिए कोई पैसा नहीं है।”

निलंबन के बाद नवजोत कौर का सीधा हमला पार्टी नेतृत्व और राज्य अध्यक्ष पर नई सियासी बहस छेड़ चुका है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें