नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह 7, लोक कल्याण मार्ग पर ओलंपिक चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी मोर से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इस मुलाकात की जानकारी साझा की और बताया कि बातचीत के दौरान खेल सहित कई विषयों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने दो तस्वीरें भी पोस्ट कीं। एक तस्वीर में वे नीरज चोपड़ा और हिमानी मोर के साथ खड़े नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में सभी बैठकर बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों के साथ पीएम मोदी ने लिखा, “आज सुबह 7, लोक कल्याण मार्ग पर नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी मोर से मुलाकात हुई। हमारी कई मुद्दों पर अच्छी बातचीत हुई, जिसमें खेल भी शामिल था।”
जन्मदिन से पहले खास मुलाकात
गौरतलब है कि नीरज चोपड़ा का 28वां जन्मदिन 24 दिसंबर को है। जन्मदिन से एक दिन पहले प्रधानमंत्री से हुई यह मुलाकात नीरज के लिए खास मानी जा रही है। नीरज का जन्म 24 दिसंबर 1997 को हरियाणा के खांड्रा गांव में हुआ था।
जनवरी में की थी शादी
नीरज चोपड़ा ने इसी साल 16 जनवरी को पूर्व टेनिस खिलाड़ी हिमानी मोर के साथ विवाह किया था। दोनों की शादी हिमाचल प्रदेश में बेहद सादगी के साथ हुई थी, जिसमें केवल करीबी रिश्तेदार और परिवार के लोग शामिल हुए थे।
नीरज के लिए 2025 रहा मिला-जुला
खेल के लिहाज से नीरज चोपड़ा के लिए साल 2025 उतार-चढ़ाव भरा रहा। इस साल उन्होंने आखिरकार 90 मीटर की बाधा को पार किया और अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 90.23 मीटर दर्ज किया। हालांकि, वे विश्व चैंपियनशिप में अपना खिताब बचाने में सफल नहीं हो सके और टोक्यो में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में पदक से चूक गए।
ओलंपिक में शानदार रिकॉर्ड
नीरज चोपड़ा भारत के सबसे सफल एथलीटों में शुमार हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था, जबकि पेरिस ओलंपिक 2024 में उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इसके बावजूद नीरज आज भी देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।










