वाराणसी में पुलिस-गैंगस्टर मुठभेड़: गोली लगने से घायल हुआ कुख्यात आसिफ, साथी जीशान भी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। शनिवार देर रात वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में बिजनौर का कुख्यात गैंगस्टर आसिफ पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी जीशान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। दोनों अपराधी वाराणसी समेत आसपास के जिलों में जहरखुरानी और टप्पेबाजी जैसी वारदातों में सक्रिय थे।

ऑटो से लहरतारा की ओर जा रहे थे बदमाश

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध अपराधी एक ऑटो से लहरतारा की ओर जा रहे हैं। सिगरा पुलिस ने लहरतारा ओवरब्रिज के नीचे नाकाबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आसिफ

पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आसिफ के पैर में गोली लग गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायल बदमाश को काबू में किया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं उसका साथी जीशान भी दबोच लिया गया।

बिजनौर के रहने वाले हैं दोनों बदमाश

एसीपी डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि घायल गैंगस्टर आसिफ बिजनौर जिले के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के रेहरा गांव का निवासी है, जबकि उसका साथी जीशान रायपुर थाना क्षेत्र के हरिसिंह का भोगला गांव का रहने वाला है। दोनों पर वाराणसी सहित कई जिलों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और ये एक सक्रिय गिरोह के सदस्य हैं।

बड़ी वारदात की फिराक में थे अपराधी

पुलिस के मुताबिक, आसिफ और जीशान किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से वाराणसी पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते दोनों को पकड़ लिया।

मुठभेड़ में शामिल रही पुलिस टीम

मुठभेड़ के दौरान सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा और रोडवेज चौकी प्रभारी कुमार गौरव सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने बदमाशों के पास से एक तमंचा, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें