अब जिला अस्पतालों में ही मिलेगी गंभीर मरीजों को राहत, योगी सरकार ने बढ़ाई ICU सेवाएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अब गंभीर रूप से बीमार मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली या लखनऊ जैसे महानगरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करते हुए जिला स्तर पर ही आईसीयू सुविधाएं मुहैया करानी शुरू कर दी हैं। वर्तमान में राज्य के 40 से अधिक जिला अस्पतालों में पूरी तरह से सक्रिय आईसीयू चालू हो चुके हैं, जिससे 2100 से ज्यादा मरीजों को उनके ही जिले में गंभीर अवस्था में इलाज मिल चुका है।

यह पहल मरीजों के परिवारों के आर्थिक बोझ को कम करने के साथ-साथ समय पर जीवनरक्षक इलाज की उपलब्धता भी सुनिश्चित कर रही है। अब बलरामपुर, लोकबंधु, सिविल अस्पताल से लेकर आजमगढ़, मऊ, मेरठ, झांसी, गोरखपुर और बरेली जैसे जिलों में भी आधुनिक आईसीयू सेवाएं उपलब्ध हैं।

सरकार ने डॉक्टरों, नर्सों और तकनीकी स्टाफ को वेंटिलेटर प्रबंधन, निगरानी प्रणाली और संक्रमण नियंत्रण जैसे जरूरी क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिलाया है। एमएलबी मेडिकल कॉलेज झांसी के प्रोफेसर डॉ. अंशुल जैन के नेतृत्व में “केयर-अप” पहल के तहत यह विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही ‘क्रिटिकल केयर रिफ्रेशर मैनुअल’ जैसी पुस्तक भी लॉन्च की गई है, जो डॉक्टरों के लिए गहन देखभाल में विशेषज्ञ बनने की दिशा में सहायक होगी।

यह कदम उत्तर प्रदेश में गंभीर मरीजों के इलाज की दिशा में एक बड़ा बदलाव है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में न केवल सुधार हुआ है, बल्कि आमजन का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें