कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित ‘ओबीसी भागीदारी न्याय सम्मेलन’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पीएम की छवि को महज दिखावा बताया और कहा कि मोदी को मीडिया ने जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया है।
राहुल बोले- “मोदी कोई हौव्वा नहीं, बस एक शो हैं”
राहुल गांधी ने मंच से सवाल करते हुए पूछा, “आपको पता है असली समस्या क्या है?” जवाब में जब एक व्यक्ति ने ‘नरेंद्र मोदी’ कहा, तो राहुल ने हामी भरते हुए कहा, “नरेंद्र मोदी कोई हौव्वा नहीं हैं। मैं उनसे कई बार मिल चुका हूं, उनके साथ कमरे में बैठा हूं। वो सिर्फ एक शो हैं, उनके पास कोई खास ताकत नहीं है, बस मीडिया ने उन्हें बड़ा बना दिया है।”
“अगर देश हिंदू है, तो ओबीसी मीडिया और कॉरपोरेट में कहां हैं?”
ओबीसी समुदाय की भागीदारी पर बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री कहते हैं कि देश हिंदू है, तो क्या 50% ओबीसी हिंदू नहीं हैं? अगर हां, तो फिर मीडिया, कॉरपोरेट सेक्टर, और बड़े एंकरों की लिस्ट में ओबीसी क्यों नहीं दिखते?”
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे सिस्टम में ओबीसी की भागीदारी न के बराबर है। यही वजह है कि कांग्रेस ने जातिगत जनगणना का मुद्दा उठाया है। राहुल ने कहा, “जहां कांग्रेस की सरकार बनेगी, हम वहां जातिगत जनगणना कराएंगे, ताकि हर वर्ग को उसका हक मिल सके।”
“मैं पीछे नहीं हटने वाला”
राहुल गांधी ने सम्मेलन में कहा, “आप मेरी बहन प्रियंका से पूछिए कि अगर राहुल किसी काम को करने की ठान ले, तो क्या वो पीछे हटता है? नहीं। जातिगत जनगणना सिर्फ पहला कदम है। मेरा असली मकसद है कि हर भारतीय को उसके काम और पहचान के आधार पर सम्मान और भागीदारी मिले।”










