अब घर बैठे होंगे बांके बिहारी के दर्शन, जानें कब से शुरू होगी लाइव स्ट्रीमिंग सेवा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वृंदावन I श्री बांके बिहारी मंदिर के भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही भक्त अपने घर बैठे ही बांके बिहारी के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर प्रशासन अगले वर्ष से लाइव स्ट्रीमिंग सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके शुरू होते ही देश-विदेश में रहने वाले भक्त रोजाना ऑनलाइन दर्शन का लाभ उठा सकेंगे।

मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता पर जोर

बांके बिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं की निगरानी करने वाली उच्चाधिकार प्राप्त समिति ने गुरुवार शाम बैठक कर मंदिर परिसर के सुधार और विकास से जुड़े प्रस्तावों की समीक्षा की। इस बैठक में मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता बढ़ाने और भक्तों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैंक की मदद से खुलेगी मंदिर की गुल्लक

समिति ने नवंबर से गुल्लक खोलने के लिए बैंक की मदद लेने की नई व्यवस्था को मंजूरी दे दी है। इससे धनराशि की गिनती और प्रबंधन ज्यादा पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से हो सकेगा। इसके साथ ही मंदिर परिसर की सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रेशर मशीन, वैक्यूम क्लीनर और फ्लोर-क्लीनिंग मशीन समेत कई उपकरण खरीदने की भी स्वीकृति दी गई।

न्यायमूर्ति अशोक कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में 15 प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिनमें से 11 पर सहमति बन गई। उन्होंने बताया कि लाइव स्ट्रीमिंग सेवा के लिए एक फर्म का चयन कर लिया गया है और यह सुविधा अगले वर्ष होली के आसपास शुरू होने की उम्मीद है।

अतिक्रमण हटाने और कॉरिडोर निर्माण पर चर्चा

समिति ने मंदिर के तीन मुख्य द्वारों गेट नंबर 1, 2 और 3 के पास फैले अतिक्रमण को हटाने पर भी चर्चा की। भक्तों को बेहतर सुविधा देने के लिए आसपास की संपत्तियों के अधिग्रहण से जुड़े दिशानिर्देशों की भी समीक्षा की गई।

इसके अलावा, प्रस्तावित बांके बिहारी कॉरिडोर पर भी विस्तृत चर्चा हुई। सरकार का रुख स्पष्ट होने के बाद समिति ने कॉरिडोर के दायरे में आने वाले मकान और दुकानों के मालिकों को मुआवजा देने की रूपरेखा पर विचार किया। जल्द ही इस कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर आगे की कार्रवाई शुरू होने की संभावना है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें