लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि एक समय देश में NRC और CAA को लेकर जमकर डर और भ्रम फैलाया गया था। दावा किया गया था कि इन कानूनों से लोगों के अधिकार छिन जाएंगे और मुसलमानों को देश से बाहर कर दिया जाएगा, लेकिन अब दो साल से अधिक समय बीत चुका है और हकीकत सबके सामने है। उन्होंने कहा कि आज तक एक भी मुसलमान को देश छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया गया।
ओम प्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल और नेता केवल मुसलमानों के वोट हासिल करने के लिए इस तरह के बयान देते रहे हैं। उनका कहना था कि अब ऐसे दावों का कोई आधार नहीं बचा है और सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है।
वोटर लिस्ट विवाद पर भी रखी अपनी बात
वोटर लिस्ट को लेकर उठ रहे सवालों पर मंत्री राजभर ने स्पष्ट कहा कि किसी भी मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए और न ही किसी पर गलत आरोप लगाया जाना चाहिए। इसी उद्देश्य से मतदाता सूची सुधार की समय-सीमा दो बार बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि अभी भी सभी को फॉर्म भरने और अपने नाम की जांच कराने का पूरा अवसर दिया गया है।
राजभर ने कहा कि यदि किसी कारणवश पहले कोई मतदाता चूक गया हो, तो ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी हो चुकी है। उसे देखकर आवश्यक सुधार के लिए फॉर्म जमा किया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस प्रक्रिया में किसी भी मतदाता को वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि जांच के दौरान कई मामलों में एक ही व्यक्ति का नाम दो अलग-अलग जगहों पर दर्ज पाया गया। कुछ नाम ऐसे थे जो अब जीवित नहीं हैं या गांव से शहर स्थानांतरित हो चुके हैं, जबकि कुछ लोग राज्य से बाहर बस गए थे। ऐसे सभी मामलों में नामों का समायोजन कर दिया गया है, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और पारदर्शी बन सके।










