98वें अकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर 2026 के लिए नॉमिनेशंस की घोषणा पूरी हो चुकी है। भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू हुए इस ऐलान को दो चरणों में पूरा किया गया। दूसरे चरण को लेकर खासा उत्साह था, क्योंकि भारतीय फिल्म ‘होमबाउंड’ को भी ऑस्कर नॉमिनेशन के लिए भेजा गया था। हालांकि, नॉमिनेशन लिस्ट में फिल्म का नाम शामिल न होने से भारतीय दर्शकों और फैंस को निराशा हाथ लगी।
नॉमिनेशंस की शुरुआत बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस कैटेगरी से हुई। इस श्रेणी में फिल्म सेंटिमेंटल वैल्यू से दो अभिनेत्रियों को जगह मिली।
-
एली फैनिंग (सेंटिमेंटल वैल्यू)
-
इनगा इब्सडॉटर लिलीस (सेंटिमेंटल वैल्यू)
-
एमी मैडिगन (वीपन्स)
-
वुनमी मोसाकु (सिनर्स)
-
तियाना टेलर (वन बैटल आफ्टर अनादर)
मेकअप और हेयरस्टाइलिंग कैटेगरी में फ्रैंकन्स्टीन, कोकुहो, सिनर्स, द स्मैशिंग मशीन और द अगली स्टेप सिस्टर जैसी फिल्मों को नामांकन मिला।
ओरिजिनल स्कोर में बुगोनिया, फ्रैंकस्टीन, हैमनेट, वन बैटल आफ्टर अनादर और सिनर्स शामिल रहीं।
लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म और एनिमेटेड शॉर्ट फिल्म कैटेगरी में भी कई चर्चित फिल्मों ने जगह बनाई, जिनमें बशर्स स्टेन, ए फ्रेंड ऑफ डोरोथी, बटरफ्लाय, द थ्री सिस्टर्स जैसी फिल्में शामिल हैं।
सपोर्टिंग एक्टर कैटेगरी में बेनिसियो डेल टोरो, जैकब एलोर्डी, डेलरॉय लिंडो, सीन पेन और स्टेलन स्कार्सगार्ड जैसे दिग्गज कलाकारों को नॉमिनेशन मिला है।
इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में ब्राजील की द सीक्रेट एजेंट, फ्रांस की इट वॉज जस्ट एन एक्सीडेंट, नॉर्वे की सेंटिमेंटल वैल्यू, स्पेन की सिरत और ट्यूनीशिया की द वॉइस ऑफ हिंद रजब को शामिल किया गया।
वहीं एनिमेटेड फीचर फिल्म में आर्को, एलिओ, केपॉप डेमन हंटर्स, लिटिल एमिली एंड द कैरेक्टर ऑफ रेन और जूटोपिया 2 ने जगह बनाई।
हालांकि इस बार भारतीय फिल्म को नॉमिनेशन न मिलने से मायूसी जरूर है, लेकिन ऑस्कर 2026 की रेस में शामिल फिल्मों और कलाकारों की सूची ने दर्शकों में उत्सुकता और चर्चा दोनों बढ़ा दी है।










