बसंत पंचमी : काशी के गंगा घाटों पर स्नान के लिए उमड़े आस्थावान, लगाई पुण्य की डुबकी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। बसंत पंचमी के पावन पर्व पर शुक्रवार तड़के से ही काशी के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। माघ मास के इस प्रमुख स्नान पर्व पर लाखों भक्तों ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और सुख-समृद्धि, ज्ञान व पापों से मुक्ति की कामना की।

सुबह से ही घाटों पर भक्ति और उल्लास का अनोखा दृश्य देखने को मिला। गंगा घाट के पुरोहित अजय कुमार तिवारी ने बताया कि बसंत पंचमी के दिन विशेष रूप से महिलाएं और युवतियां मां सरस्वती की आराधना के लिए पीले वस्त्र धारण कर घरों से निकलती हैं। पीले फूल, फल और मिठाइयों के साथ मां को अर्पण कर दान-पुण्य किया जाता है।

गंगा स्नान के बाद काशी की महिलाएं ऋतु फल अर्पित कर भगवान को भोग लगाती हैं और दिन की शुभ शुरुआत करती हैं। पूरे शहर में बसंत पंचमी का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कई स्थानों पर मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर हवन-पूजन किया जा रहा है।

बसंत पंचमी को केवल स्नान पर्व ही नहीं, बल्कि विद्या, कला और ज्ञान की देवी मां सरस्वती को समर्पित पर्व माना जाता है, जो जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और बौद्धिक विकास का प्रतीक है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें