वाराणसी: शहर के नई सड़क इलाके में स्थित होटल एचएम इंटरनेशनल में बीती रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना उस समय हुई जब होटल में ठहरे यात्री गहरी नींद में थे। अचानक आग की लपटें उठते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए चीखने लगे।
सूचना मिलते ही Varanasi के एसीपी दशाश्वमेध भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चेतगंज से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से होटल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रात 1 बजे के बाद लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 1 बजे के बाद होटल की पहली मंजिल की बालकनी से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग फैलने लगी और अंदर फंसे लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। स्थानीय लोगों ने तत्काल पानी डालकर नीचे के फ्लोर के यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में बचाई गईं जानें
करीब 10 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच गई और फायर सर्विस ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि, पानी डालते ही आग और भड़क गई और ऊपरी मंजिलों तक फैलने लगी। इसके बाद दमकल टीम ने प्राथमिकता के आधार पर लोगों को बाहर निकालना शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
5 यात्री झुलसे, इलाज जारी
इस हादसे में 5 यात्री झुलस गए हैं, जिनमें हरियाणा के रेवाड़ी निवासी एक परिवार के चार सदस्य और मुंबई का एक युवक शामिल है। घायलों को मंडलीय चिकित्सालय और BHU Trauma Center में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल फायर विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।










