पटना जिले के दनियावां थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। गंगा स्नान के लिए जा रहे लोगों से भरे एक ऑटो को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। मृतकों में सात महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
ट्रक चालक फरार
हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल लोगों को आगे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया।
गंगा स्नान के लिए जा रहे थे सभी यात्री
जानकारी के मुताबिक, सभी लोग नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के रेरी मलमा गांव के निवासी थे। वे सुबह फतुहा में गंगा स्नान करने के लिए निकले थे। रास्ते में अल्ट्राटेक फैक्ट्री के पास ट्रक ने उनके ऑटो को टक्कर मार दी। इसमें सात लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया। पुलिस ने मृतकों की पहचान शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। घायलों का इलाज पटना के अस्पताल में चल रहा है।










