पिंडरा महोत्सव का आगाज: काशी–अयोध्या के बाद मथुरा-वृंदावन भी बनेंगे आध्यात्मिक विकास के बड़े केंद्र – जयवीर सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा-वृंदावन भी प्रदेश के आध्यात्मिक विकास त्रिकोण के मजबूत स्तंभ के रूप में तेजी से उभर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘हर-हर महादेव’ से लेकर ‘राधे-राधे’ तक, उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान अब वैश्विक स्तर पर अपनी अलग छाप छोड़ रही है।

मंत्री जयवीर सिंह ने यह बातें वाराणसी के नेशनल इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित तीन दिवसीय पिंडरा महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर कहीं। उन्होंने पिंडरा महोत्सव को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और ऐतिहासिक परंपराओं को संजोने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया और इसके लिए आयोजकों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि काशी मोक्षदायिनी भूमि है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी कॉरिडोर के जरिए इसका भव्य कायाकल्प हुआ है। वहीं, 500 वर्षों के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण देश के लिए गर्व का विषय है। अब मथुरा-वृंदावन भी उसी आध्यात्मिक विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। नैमिषारण्य, विंध्यवासिनी धाम समेत प्रदेश के लगभग हर क्षेत्र में पर्यटन और संस्कृति के जरिए धार्मिक व ऐतिहासिक पहचान को मजबूती दी जा रही है।

जयवीर सिंह ने बताया कि स्थानीय विधायक डॉ. अवधेश सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर पिंडरा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति मिली है। उन्होंने पिंडरा महोत्सव की सफलता की कामना करते हुए कलाकारों और आयोजकों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी का भी विशेष सम्मान किया गया।

भोजपुरी सितारों ने जमाया रंग

30 जनवरी से 1 फरवरी तक चलने वाले पिंडरा महोत्सव में कला, संस्कृति और विकास का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी और दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी मंच मिला है।

महोत्सव में लोक संगीत, नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बच्चों के लिए खेलकूद और शैक्षिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। खास तौर पर महिलाओं और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें