PM Modi Varanasi Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के एक दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। रक्षाबंधन से ठीक पहले प्रधानमंत्री का यह दौरा पूर्वांचल के लिए विकास की एक बड़ी सौगात बनकर सामने आ रहा है। इस दौरान वह कुल ₹2183.45 करोड़ की 52 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
प्रधानमंत्री की जनसभा सेवापुरी ब्लॉक के बनौली गांव (कालिका धाम) में आयोजित होगी, जहां वे 50 हजार से अधिक लोगों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह 565.35 करोड़ की 14 परियोजनाओं का लोकार्पण और 1618.10 करोड़ की 38 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। योजनाओं में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली, जल आपूर्ति, खेल, पेयजल, सीवरेज, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर समेत कई अहम बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं।
पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त भी होगी जारी
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी देशभर के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त भी जारी करेंगे। इसके तहत ₹20,500 करोड़ की राशि 9.70 करोड़ किसानों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। वाराणसी जिले के 2.21 लाख किसान भी इससे लाभान्वित होंगे।
दिव्यांगों और बुजुर्गों को मिलेंगे उपकरण
प्रधानमंत्री दिव्यांगजनों और वृद्धों को सहायक उपकरण भी वितरित करेंगे, जिससे उन्हें जीवन यापन में सहूलियत मिल सके।
विकास की योजनाओं की एक झलक
14 परियोजनाओं का लोकार्पण (₹565.35 करोड़)
- वाराणसी-भदोही मार्ग का 4 लेन चौड़ीकरण
- मोहनसराय- अदलपुरा रोड पर आरओबी
- कालिका धाम मंदिर का पर्यटन विकास
- लालपुर खेल स्टेडियम में हॉकी मैदान
- जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण पेयजल योजनाएं
- स्कूलों के पुनरुद्धार, घाटों का सौंदर्यीकरण
- डॉग केयर सेंटर, कैंसर अस्पताल में आधुनिक मशीनें
- 38 परियोजनाओं का शिलान्यास (₹1618.10 करोड़)
होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज का निर्माण - गंगा घाटों का जीर्णोद्धार
- स्मार्ट अंडरग्राउंड केबलिंग
- विभिन्न प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण
- मुंशी प्रेमचंद स्मारक संग्रहालय
- आधुनिक पुस्तकालय, तालाबों की सफाई
- पार्कों और पार्किंग स्थलों का निर्माण
- कचरा स्थानांतरण स्टेशन, डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर
- फूड स्ट्रीट, मियावाकी फॉरेस्ट पार्क, पूजा प्लेटफार्म
प्रधानमंत्री का 51वां काशी दौरा
भारतीय जनता पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि यह प्रधानमंत्री मोदी का 51वां वाराणसी दौरा है। प्रधानमंत्री सुबह 10 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से सीधे जनसभा स्थल बनौली गांव पहुंचेंगे।
जनसभा के लिए विशेष तैयारियां
बीजेपी ने जनसभा की सफलता के लिए 20 ब्लॉकों में विशेष प्रभारी नियुक्त किए हैं। महिलाओं, किसानों, दिव्यांगजनों, मीडिया और विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की गई है। पूरे वाराणसी में 1000 से अधिक होर्डिंग्स, झंडे, और तोरण द्वारों के साथ भव्य सजावट की जा रही है।










