एनडीए ने सी.पी. राधाकृष्णन को बनाया उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार, जेपी नड्डा ने किया ऐलान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एनडीए ने रविवार को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया। बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने बताया कि महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन एनडीए की ओर से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे।

मांझी ने किया समर्थन

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने राधाकृष्णन के नाम पर समर्थन जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हम उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन के साथ हैं। सड़क से लेकर संसद तक, हम एनडीए के साथ मजबूती से खड़े हैं।”

“सर्वसम्मति से चुना जाए नया उपराष्ट्रपति” – नड्डा

जेपी नड्डा ने कहा कि एनडीए चाहता है कि अगला उपराष्ट्रपति सर्वसम्मति से चुना जाए। इसके लिए विपक्षी दलों से भी बातचीत की जा रही है। गौरतलब है कि मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दे दिया था। तभी से एनडीए के उम्मीदवार को लेकर अटकलें लग रही थीं।

चुनाव की तारीखें और नामांकन प्रक्रिया

उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान 9 सितंबर को होगा। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 अगस्त है, जबकि 25 अगस्त तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं। सी.पी. राधाकृष्णन के नामांकन के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।

राधाकृष्णन का राजनीतिक सफर

20 अक्टूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरुप्पुर में जन्मे सी.पी. राधाकृष्णन ने राजनीति की शुरुआत आरएसएस और जनसंघ से की। वे 1998 और 1999 में कोयम्बटूर से लोकसभा सांसद चुने गए। इसके अलावा, 2003 से 2006 तक उन्होंने तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। फिलहाल वे महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। इससे पहले फरवरी 2023 से जुलाई 2024 तक वे झारखंड के राज्यपाल रह चुके हैं।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें