इंडिगो संकट के बीच आया PM मोदी का बयान, बोले- नियम सिस्टम सुधारने के लिए, जनता को….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। इंडिगो एयरलाइंस के परिचालन संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नियमों और नीतियों को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। एनडीए संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि देश में बनाए जाने वाले सभी कानून और नियम जनता की सुविधा बढ़ाने के लिए होने चाहिए, न कि उन्हें परेशान करने के लिए। इस बैठक की जानकारी केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मीडिया को दी।

रिजिजू के अनुसार, पीएम मोदी ने सांसदों को निर्देश देते हुए कहा कि नियम और कानून तब ही सार्थक हैं, जब वे सिस्टम को मजबूत बनाते हुए आम लोगों की जिंदगी आसान करें। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी नीति का सीधा प्रभाव नागरिकों पर पड़ता है, इसलिए उसमें संवेदनशीलता और व्यावहारिकता बेहद जरूरी है।

इंडिगो संकट के बीच आया बयान

पीएम मोदी की यह टिप्पणी ऐसे समय में सामने आई है, जब इंडिगो की उड़ानों में भारी अव्यवस्था बनी हुई है। नए पायलट ड्यूटी नियमों (FDTL) के कड़े अनुपालन के कारण क्रू की कमी हो गई है, जिससे दिसंबर की शुरुआत से अब तक सैकड़ों उड़ानें रद्द हो चुकी हैं और हजारों यात्री एयरपोर्ट पर घंटों से फंसे हुए हैं।

स्थिति को देखते हुए सरकार ने इंडिगो के फ्लाइट शेड्यूल में कटौती करने और खाली स्लॉट अन्य एयरलाइंस को देने का फैसला लिया है। साथ ही, यात्रियों की शिकायतों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

यात्रियों को राहत सर्वोच्च प्राथमिकता


रिजिजू ने बताया कि बैठक में पीएम मोदी ने इंडिगो संकट का जिक्र करते हुए अधिकारियों को आदेश दिया कि यात्रियों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में आम लोगों की परेशानियाँ बढ़ने नहीं दी जाएंगी।

बैठक के दौरान बिहार चुनाव में एनडीए की जीत पर भी प्रधानमंत्री को शुभकामनाएँ दी गईं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें