लखनऊ में सनसनीखेज वारदात: महिला ने इंजीनियर प्रेमी का गला रेतकर की हत्या, बेटियों संग कई घंटे शव के साथ बैठी रही

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सहमति संबंध में साथ रह रही महिला ने अपने इंजीनियर प्रेमी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी महिला अपनी दो नाबालिग बेटियों के साथ करीब पांच घंटे तक शव के पास ही बैठी रही। बाद में उसने खुद पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरोपी महिला रत्ना को गिरफ्तार कर लिया है। इंजीनियर के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रत्ना की दोनों बेटियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है।

झगड़े के बाद लिया खौफनाक कदम

हरदोई की रहने वाली रत्ना अपनी 17 और 15 वर्ष की बेटियों के साथ लखनऊ के सलारगंज स्थित शिवम ग्रीन सिटी में सूर्यप्रताप सिंह (32) के साथ रह रही थी। सोमवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। पुलिस के अनुसार, भोर करीब 5 बजे रत्ना ने घर में रखे चाकू से सूर्यप्रताप का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उस समय उसकी दोनों बेटियां भी घर में मौजूद थीं।

पांच घंटे शव के पास बैठी रहीं मां-बेटियां

हत्या के बाद न तो रत्ना ने कहीं भागने की कोशिश की और न ही किसी को जानकारी दी। सुबह 9:45 बजे उसने खुद पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल करके कहा, मैंने ही सूर्य का कत्ल किया है।”

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही बीबीडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रत्ना को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में उसकी बेटियों की क्या भूमिका थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

परिजनों ने लगाया साजिश का आरोप

मृतक सूर्यप्रताप के पिता नरेंद्र सिंह का आरोप है कि रत्ना ने मकान पर कब्जा करने की नीयत से अपनी बेटियों के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या की।

गांव में मातम छाया

देवरिया के परसियां भीखम गांव में रहने वाले सूर्यप्रताप के रिश्तेदारों को जब हत्या की खबर मिली तो घर में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा फैल गया है। लोगों का कहना है कि सूर्यप्रताप इंजीनियर थे और कई वर्षों से रत्ना के साथ रह रहे थे।

पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही हत्या की असल वजह सामने आने की उम्मीद है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें