वाराणसी। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की पत्नी अंजलि तेंदुलकर और बेटी सारा तेंदुलकर सोमवार को काशी पहुँचीं। यहां उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया। मंदिर की दिव्यता और भव्यता देखकर मां-बेटी बेहद भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि “काशी अब पहले से कहीं अधिक भव्य और दिव्य दिखाई देती है।”
दर्शन के दौरान मुख्य अर्चक पंडित श्रीकांत मिश्रा ने विधि-विधान से पूजन कराया। पूजन के बाद अर्चक ने अंजलि और सारा को त्रिपुंड तिलक लगाकर उनके मंगल की कामना की। मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें विशेष स्वागत-सम्मान भी दिया गया।
अन्नपूर्णा मंदिर में फर्श पर बैठकर लिया प्रसाद
विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के बाद दोनों मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुँचीं। यहां उन्होंने सामान्य श्रद्धालुओं की तरह फर्श पर बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। उनकी सरलता और सहज व्यवहार को देखकर वहां मौजूद लोग प्रभावित हो गए।
मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने मां-बेटी का रुद्राक्ष माला, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया। उनकी संपूर्ण यात्रा के दौरान मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की थी, ताकि यात्राएं शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से पूरी हो सके।










