सलीम खान की तबीयत बिगड़ी, लीलावती अस्पताल में भर्ती, पिता से मिलने पहुंचे सलमान खान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुंबई। हिंदी सिनेमा के दिग्गज स्क्रीनराइटर और अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान की तबीयत खराब होने की खबर सामने आई है। उन्हें मंगलवार को मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हालांकि परिवार की ओर से अभी तक उनकी सेहत को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

अस्पताल में सलमान खान को पिता से मिलने पहुंचते देखा गया। इस दौरान वह ब्लैक टी-शर्ट और कैप में नजर आए। मीडिया से बातचीत किए बिना वह सीधे अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए। सलीम खान की तबीयत की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसक चिंतित हैं और सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

सलीम खान का शानदार करियर

90 वर्षीय सलीम खान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे प्रभावशाली लेखकों में गिने जाते हैं। उनकी जोड़ी मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर के साथ बनी, जिसे ‘सलीम-जावेद’ के नाम से जाना गया। इस जोड़ी ने 1970 और 80 के दशक में कई यादगार फिल्में दीं।

उन्होंने मिलकर शोले, दीवार, जंजीर और डॉन जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों की पटकथा लिखी। खास तौर पर ‘एंग्री यंग मैन’ की छवि, जिसे अभिनेता अमिताभ बच्चन ने बड़े पर्दे पर जीवंत किया, उसी की रचना सलीम-जावेद की जोड़ी ने की थी। उनकी लेखनी ने हिंदी सिनेमा को एक नया दौर दिया।

निजी जीवन

सलीम खान ने दो शादियां की हैं। उनकी पहली पत्नी सुशीला चरक (बाद में सलमा खान) हैं, जिनसे उन्हें चार बच्चे—सलमान खान, अरबाज खान, सोहेल खान और अलवीरा खान हैं।

इसके बाद उन्होंने प्रसिद्ध डांसर और अभिनेत्री हेलेन से शादी की। सलीम और हेलेन ने एक बेटी अर्पिता खान को गोद लिया।

खान परिवार अपनी आपसी एकजुटता और पारिवारिक मूल्यों के लिए जाना जाता है। फिलहाल फैंस और फिल्म इंडस्ट्री सलीम खान के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें