नई दिल्ली। अपने घर का सपना देख रहे लोगों को देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने बड़ा झटका दिया है। बैंक ने होम लोन पर ब्याज दरों की ऊपरी सीमा में बढ़ोतरी कर दी है। अब SBI की नई दरें 7.50% से 8.70% के बीच होंगी। पहले यह सीमा 7.50% से 8.45% तक थी। यानी न्यूनतम दर वही रखी गई है, लेकिन अधिकतम ब्याज दर 0.25% बढ़ा दी गई है।
जुलाई में भी थी पुरानी दरें
जुलाई में भी बैंक ने ब्याज दरों को 7.50% से 8.45% के दायरे में रखा था। अब संशोधित नियम के बाद नए ग्राहकों को अधिकतम 8.70% तक ब्याज चुकाना होगा।
अन्य बैंकों की स्थिति
हाल ही में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने भी ब्याज दरों में बदलाव कर उन्हें 7.35% से 7.45% तक कर दिया था। वहीं निजी बैंकों की दरों पर नजर डालें तो ICICI बैंक न्यूनतम 8%, HDFC बैंक 7.90% और एक्सिस बैंक 8.35% ब्याज दर पर होम लोन ऑफर कर रहे हैं।
कम क्रेडिट स्कोर वालों पर असर
SBI का यह फैसला खासतौर पर उन ग्राहकों को प्रभावित करेगा जिनका क्रेडिट स्कोर कम है। क्योंकि ब्याज दर की ऊपरी सीमा बढ़ने से उन्हें ज्यादा EMI चुकानी पड़ सकती है।
फिलहाल केवल नए ग्राहकों पर लागू
माना जा रहा है कि आने वाले समय में अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक भी इसी तरह का कदम उठा सकते हैं। फिलहाल यह बदलाव केवल नए ग्राहकों पर लागू होगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि ऐसे समय में जब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) लगातार रेपो रेट में कटौती कर लोगों को राहत देने की कोशिश कर रहा है, SBI ने ब्याज दरें बढ़ाकर नया बोझ डाल दिया है। RBI ने आर्थिक गति बनाए रखने के लिए हाल ही में लगातार तीन बार रेपो रेट घटाया था, जिससे लोगों को उम्मीद थी कि बैंकों से लोन सस्ता होगा।










