अंबेडकरनगर जिले के टांडा क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। रसूलपुर-मुबारकपुर निवासी अनीस अहमद (40) की उसकी पत्नी हिना फातिमा ने अपने भाइयों शाहिद और आरिफ के साथ मिलकर रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद तीनों ने शव को पुंथर झील के किनारे फेंक दिया। रविवार सुबह जब शव मिला तो इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तफ्तीश शुरू की और चंद घंटों में ही तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
नशे की आदत से परेशान थी पत्नी
पुलिस जांच में सामने आया कि अनीस लंबे समय से नशे का आदी था। वह अक्सर नशे की हालत में पत्नी और बच्चों से मारपीट करता और लोगों से कर्ज लेकर पैसे उड़ाता था। इसी वजह से पत्नी हिना परेशान होकर 22 दिन पहले अपने मायके चली गई थी। पूछताछ में हिना ने स्वीकार किया कि उसने पति की नशे की आदत से तंग आकर वारदात को अंजाम दिया।
कैसे खुला राज?
रविवार सुबह ग्रामीणों ने पुंथर झील के पास शव देखा, जिसके गले में रस्सी का फंदा कसा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। तभी घटनास्थल पर पहुंचे अनीस के साले शाहिद के पैरों पर कीचड़ देखकर पुलिस को शक हुआ। पूछताछ में उसने पावर लूम पर रात गुजारने की बात कही, लेकिन जब पुलिस ने पावर लूम मालिक से पुष्टि की तो सच सामने आ गया।
इसके बाद जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की और मिट्टी की जांच कराने की बात कही तो शाहिद टूट गया। उसने कबूल किया कि शनिवार रात अनीस अपनी ससुराल गया था। वहां उसने छोटे बेटे को चिप्स दिलाए, जिसके बाद पत्नी से झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ा तो हिना, शाहिद और आरिफ ने अनीस को बहला-फुसलाकर झील किनारे ले गए और रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। फिर शव को वही छोड़कर फरार हो गए।










