उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर दस्तक दी है। हालांकि कई जिलों में उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है, लेकिन भारतीय मौसम विभाग (IMD) का ताज़ा पूर्वानुमान राहत देने वाला है।
पश्चिम और पूर्वी यूपी का हाल
आईएमडी के अनुसार, 15 सितंबर को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें गिर सकती हैं। वहीं, पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश के साथ आंधी-तूफ़ान और बिजली गिरने की आशंका है। विभाग का अनुमान है कि इस हफ्ते भर प्रदेश में रुक-रुक कर गरज-चमक के साथ बारिश होती रहेगी।
पूर्वी यूपी में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के लिए इस हफ्ते किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है। लेकिन पूर्वी यूपी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां कई जिलों में मेघगर्जन और बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
तापमान में आएगा बदलाव
आईएमडी का कहना है कि अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। हालांकि उसके बाद धीरे-धीरे तापमान फिर से बढ़ने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
किन जिलों में अलर्ट
बाराबंकी, गोंडा, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, अयोध्या, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, आज़मगढ़, मऊ, देवरिया, अंबेडकर नगर और अमेठी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां लोगों को बारिश के साथ वज्रपात का भी सामना करना पड़ सकता है।
इस बीच, पूर्वी यूपी में बारिश और उमस की दोहरी मार ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।










