मुंबई। सोशल मीडिया के दौर में सितारों को अक्सर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। इसी मुद्दे पर अभिनेता Shahid Kapoor ने हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन जीने वाले कलाकारों के लिए यह जरूरी है कि वे पब्लिक ओपिनियन और अपनी मानसिक शांति के बीच संतुलन बनाकर रखें।
‘हर किसी को खुश करना जरूरी नहीं’
‘द राइट एंगल’ पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान शाहिद ने कहा कि इंटरनेट पर लोग क्या कह रहे हैं, इसे पूरी तरह नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता, लेकिन उसे अपनी सोच और आत्मविश्वास पर हावी नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने कहा, “आपको तय करना होता है कि आप हर सुबह उठकर सबको खुश करना चाहते हैं या खुद को। यह एक मुश्किल सफर है, क्योंकि आपको खुलकर सामने आना पड़ता है, लेकिन यह भी देखना होता है कि आप अपने भीतर क्या और कितना बैठने दे रहे हैं।”
शाहिद ने आगे कहा कि कलाकार को खुद से सवाल पूछते रहना चाहिए—क्या वह अपने काम से संतुष्ट है, क्या उसकी क्रिएटिव एनर्जी सही दिशा में जा रही है और क्या उसकी मेहनत उसे संतोष दे रही है।
‘औकात हो तभी मुंह खोलो’
इंटरनेट पर बढ़ती ट्रोलिंग और गुमनामी पर टिप्पणी करते हुए शाहिद कपूर ने कहा कि सोशल मीडिया की अनाम पहचान ने कई लोगों को अपनी सीमाएं भूलने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “मुझे बचपन से सिखाया गया है कि बोलने की औकात हो तभी मुंह खोलो। पहले देखो कि आप कितने पानी में हो, फिर बात करो।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि कलाकारों को कंस्ट्रक्टिव क्रिटिसिज्म के लिए तैयार रहना चाहिए, लेकिन साथ ही खुद को सकारात्मक ऊर्जा से भरकर आगे बढ़ना भी जरूरी है।
‘ओ’ रोमियो’ हाल ही में रिलीज
वर्क फ्रंट की बात करें तो शाहिद कपूर की साल 2026 की पहली फिल्म O Romeo हाल ही में रिलीज हुई है। इस फिल्म का निर्देशन Vishal Bhardwaj ने किया है। फिल्म में शाहिद ने ‘उस्तरा’ का किरदार निभाया है, जबकि Tripti Dimri ‘अफशां’ की भूमिका में नजर आई हैं।
फिल्म में Disha Patani, Vikrant Massey, Farida Jalal, Nana Patekar, Tamannaah Bhatia और Avinash Tiwary जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। ‘कमीने’, ‘हैदर’ और ‘रंगून’ के बाद शाहिद और विशाल भारद्वाज की यह चौथी फिल्म है।
अपकमिंग प्रोजेक्ट
‘ओ’ रोमियो’ के बाद शाहिद कपूर निर्देशक Homi Adajania की फिल्म Cocktail 2 में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ Rashmika Mandanna और Kriti Sanon भी दिखाई देंगी। हालांकि फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सोशल मीडिया के दौर में कलाकारों पर बढ़ते दबाव के बीच शाहिद कपूर का यह बयान चर्चा का विषय बना हुआ है।










