फिलीपींस में महसूस हुए भूकंप के तेज झटके, 6.4 रही तीव्रता 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनीला। फिलीपींस के दक्षिणी समुद्री तट के पास बुधवार को तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वे (USGS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई है। इससे पहले इसकी तीव्रता 6.7 बताई गई थी, जिसे बाद में संशोधित कर 6.4 कर दिया गया।

भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप के सैंटियागो शहर से लगभग 27 किलोमीटर पूर्व समुद्र में स्थित था। यह झटका जमीन से करीब 58.5 किलोमीटर की गहराई में आया। राहत की बात यह रही कि भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों ने महसूस किए झटके

पूर्वी प्रांत दावाओ ओरिएंटल में राहत कार्य से जुड़े नैश परागास ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि झटके जरूर महसूस हुए और कुछ गाड़ियां हिलती नजर आईं, लेकिन यह स्थिति बहुत थोड़ी देर, करीब पांच सेकंड तक ही रही।

पहले भी झेल चुका है इलाका बड़े भूकंप

गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर में पूर्वी मिंडानाओ क्षेत्र में 7.4 और 6.7 तीव्रता के दो भूकंप आए थे, जिनमें कम से कम आठ लोगों की जान गई थी। वहीं, उससे कुछ दिन पहले आए 6.9 तीव्रता के भूकंप में 76 लोगों की मौत हुई थी और सेबू प्रांत में करीब 72 हजार घरों को नुकसान पहुंचा था।

भूकंप के लिहाज से संवेदनशील देश है फिलीपींस

फिलीपींस भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है। यह देश प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ इलाके में आता है, जहां जापान से लेकर दक्षिण-पूर्व एशिया और प्रशांत क्षेत्र तक अक्सर भूकंपीय गतिविधियां होती रहती हैं।

क्यों आते हैं भूकंप

भूकंप धरती की ऊपरी परत में होने वाली हलचल का नतीजा होता है। जब पृथ्वी के भीतर चट्टानों पर दबाव बढ़ जाता है और वे अचानक टूटती या खिसकती हैं, तो ऊर्जा बाहर निकलती है। इसी ऊर्जा के कारण जमीन में कंपन होता है, जिसे भूकंप कहा जाता है। भूकंप कभी हल्के तो कभी बेहद तेज हो सकते हैं, जिससे जान-माल को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें