सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी CM, शपथ के बाद सौंपी गईं अहम विभागों की जिम्मेदारियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को नया इतिहास दर्ज हो गया, जब सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम बनने का गौरव हासिल किया। मुंबई के लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ के साथ ही सुनेत्रा पवार ने औपचारिक रूप से उपमुख्यमंत्री का कार्यभार संभाल लिया।

शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उन्हें विभागों का आवंटन भी कर दिया गया। सुनेत्रा पवार को राज्य उत्पाद शुल्क, खेल एवं युवा कल्याण तथा अल्पसंख्यक विकास एवं औकाफ जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं योजना एवं वित्त विभाग, जो पहले दिवंगत अजित पवार के पास थे, अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने पास रखे हैं। राज्य का वित्त मंत्रालय भी मुख्यमंत्री के अधीन ही रहेगा।

गौरतलब है कि यह पद पहले एनसीपी के वरिष्ठ नेता और सुनेत्रा पवार के पति अजित पवार के पास था, जिनका 28 जनवरी को बारामती में एक भीषण विमान दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया था। उनके निधन से न सिर्फ एनसीपी बल्कि पूरे महाराष्ट्र की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई थी।

मुंबई के विधान भवन में आयोजित शपथ समारोह का माहौल भावुक रहा। बड़ी संख्या में मौजूद एनसीपी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने ‘अजित दादा अमर रहें’ के नारों के साथ अपने नेता को श्रद्धांजलि दी। कई नेताओं की आंखें नम दिखीं, जबकि सुनेत्रा पवार ने शपथ के दौरान संयम और दृढ़ता का परिचय दिया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें शपथ दिलाई और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत अजित पवार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने को महाराष्ट्र की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जहां अब वह न सिर्फ अपने पति की विरासत संभालेंगी, बल्कि राज्य के अहम विभागों की जिम्मेदारी भी निभाएंगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें