वाराणसी में देह व्यापार का पर्दाफाश, गेस्ट हाउस से तीन युवतियां और ग्राहक गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। पवित्र नगरी काशी में एक बार फिर अनैतिक गतिविधियों का मामला सामने आया है। धर्मनगरी की छवि को धूमिल करने वाले एक देह व्यापार रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सीपी संवाद हेल्पलाइन पर मिली गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने त्रिदेव मंदिर के सामने स्थित विजय लक्ष्मी गेस्ट हाउस में छापेमारी की।

एसीपी मुख्यालय अपूर्वा पांडेय के नेतृत्व में एसओजी-2 टीम ने गेस्ट हाउस के एक कमरे पर दबिश दी, जहां तीन युवतियां और एक ग्राहक आपत्तिजनक हालत में पाए गए। पुलिस ने मौके से सभी को गिरफ्तार कर लिया।

एसीपी अपूर्वा पांडेय ने बताया कि हेल्पलाइन पर मिली सूचना में गेस्ट हाउस में देह व्यापार संचालित होने की जानकारी दी गई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान कमरे से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई, जिससे अवैध गतिविधियों की पुष्टि हुई है। मामले में गेस्ट हाउस संचालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि रैकेट का दायरा कितना बड़ा है और क्या इसके अन्य ठिकाने भी शहर में सक्रिय हैं। साथ ही युवतियों के साथ किसी तरह की जबरदस्ती, धोखाधड़ी या दलाली से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें