वाराणसी। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) पर जूता फेंकने की घटना के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) वाराणसी इकाई ने आज जिला मुख्यालय कचहरी पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस कृत्य को देश के संविधान और न्यायपालिका की गरिमा पर हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
AAP ने कहा-यह संविधान और न्यायपालिका का अपमान
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए AAP जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल ने कहा कि “मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने का प्रयास केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि भारत के संविधान, न्यायपालिका की स्वतंत्रता और डॉ. भीमराव अंबेडकर के संवैधानिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना एक सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा है, जिसके पीछे भाजपा (BJP) और उसकी मातृ संस्था RSS का हाथ है। पटेल ने कहा कि जिस व्यक्ति ने जूता फेंकने की कोशिश की, उसने टीवी पर अपने कृत्य पर गर्व जताया और सोशल मीडिया पर CJI के खिलाफ अपमानजनक सामग्री फैलाने वालों को BJP का संरक्षण मिला हुआ है।
दलित मुख्य न्यायाधीश का अपमान असहनीय
AAP नेताओं ने कहा कि यह घटना एक दलित परिवार से आने वाले मुख्य न्यायाधीश का जानबूझकर किया गया अपमान है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित अपमानजनक वीडियो और टिप्पणियों को दलितों और पिछड़ों की गरिमा को ठेस पहुंचाने की साजिश बताया गया।
मोदी सरकार की चुप्पी पर सवाल
AAP प्रदेश प्रवक्ता मनीष गुप्ता ने कहा कि “मुख्य न्यायाधीश जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का अपमान करने वालों पर कार्रवाई के बजाय, BJP के नेता उन्हें संरक्षण दे रहे हैं। अजीत भारती जैसे लोग खुलेआम कहते हैं ‘सरकार भी हमारी, सिस्टम भी हमारा’, और फिर BJP प्रवक्ता द्वारा थाने से छुड़ाया जाना साबित करता है कि यह पूरी साजिश सरकार के संरक्षण में चल रही है।

राष्ट्रपति से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
AAP किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव रामसूरत यादव ने राष्ट्रपति से अपील की कि वे संविधान की संरक्षक के रूप में तत्काल हस्तक्षेप करें और केंद्र सरकार को निर्देश दें कि मुख्य न्यायाधीश पर हमला करने वाले आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया जाए सोशल मीडिया पर अपमानजनक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
मीडिया प्रभारी ने की साइबर कार्रवाई की मांग
जिला मीडिया प्रभारी घनश्याम पांडेय ने कहा कि CJI के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां और आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने वाले सभी खातों की पहचान कर FIR दर्ज की जाए और गिरफ्तारी की कार्रवाई हो।” उन्होंने कहा कि संविधान और न्यायपालिका की गरिमा की रक्षा करना हर नागरिक का दायित्व है।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में AAP कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से विनोद जायसवाल, रेखा जायसवाल, अब्दुल्लाह खान, गुलाब राठौड़, अमर सिंह पटेल, कन्हैया लाल मिश्रा, राजेश वर्मा, अखिलेश पांडेय, आर.के. उपाध्याय, प्रमोद श्रीवास्तव, डॉ. अहिल्या, मोहिनी महेन्द्रु, सतीश पटेल, अरविंद यादव, जियुत लाल, रमेश पटेल, रवि पटेल, अनिल मौर्य सहित कई साथी शामिल रहे।










