T20 वर्ल्ड कप 2026: भारत-पाक मैच बॉयकॉट खत्म करना चाहता है पाकिस्तान, आईसीसी के सामने रखी ये 3 तीन डिमांड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होने वाले सबसे बड़े मुकाबले भारत बनाम पाकिस्तान पर अभी भी असमंजस के बादल छाए हुए हैं। टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ खेलने से पाकिस्तान ने फिलहाल इनकार कर दिया है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इस फैसले की लिखित जानकारी अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) को नहीं दी है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि 15 फरवरी को क्रिकेट फैंस को भारत-पाक महामुकाबला देखने को मिल सकता है।

भारत-पाक मैच को लेकर आईसीसी भी दबाव में है और इस मुकाबले को कराने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है। इसी सिलसिले में रविवार, 8 फरवरी को आईसीसी और पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी के बीच अहम बैठक हुई। इस मीटिंग में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच के बॉयकॉट को खत्म करने के बदले आईसीसी के सामने तीन बड़ी मांगें रखीं, जिनमें से एक मांग ऐसी है जिसे भारत के मानने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।

आईसीसी के सामने पाकिस्तान की तीन बड़ी मांगें

टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने भारत के खिलाफ खेलने पर सहमति देने के लिए आईसीसी के सामने तीन शर्तें रखीं—

  • पहली मांग: पाकिस्तान को आईसीसी से ज्यादा रेवेन्यू शेयर दिया जाए।

  • दूसरी मांग: भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय (बाइलेटरल) क्रिकेट सीरीज दोबारा शुरू की जाए।

  • तीसरी मांग: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएं।

दूसरी मांग पर अड़ा भारत का सख्त रुख

पाकिस्तान की दूसरी मांग यानी भारत-पाक बाइलेटरल क्रिकेट की बहाली पर भारत का रुख पूरी तरह साफ है। भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी बार द्विपक्षीय सीरीज साल 2012 में खेली गई थी। इसके बाद से राजनीतिक तनाव के चलते दोनों टीमें केवल आईसीसी और बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में ही आमने-सामने आती रही हैं।

पिछले साल भारत में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के प्रति भारत का रुख और सख्त हो गया। इस घटना के बाद एशिया कप 2025 से ही भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाना भी बंद कर दिया है। ऐसे में भले ही पाकिस्तान की रेवेन्यू और बाकी औपचारिक मांगों पर बातचीत संभव हो, लेकिन बाइलेटरल सीरीज की बहाली को लेकर भारत के झुकने की संभावना लगभग नहीं के बराबर मानी जा रही है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि आईसीसी इन हालात में क्या फैसला लेता है और क्या टी20 वर्ल्ड कप 2026 में क्रिकेट फैंस को भारत-पाक महामुकाबला देखने को मिलेगा या नहीं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें