रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने पिछले साल बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया था। 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई के साथ यह अब तक की सबसे बड़ी हिंदी फिल्मों में शामिल हो गई। अब इस मेगा सक्सेस के बाद इसका सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ दर्शकों के सामने आने को तैयार है।
3 फरवरी 2026 को फिल्म का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई। रणवीर सिंह एक बार फिर अपने खतरनाक और आक्रामक अवतार में नजर आए, लेकिन टीजर को लेकर फैंस की राय बंटी हुई दिखी।
टीजर में क्या है खास?
‘धुरंधर 2’ के टीजर की शुरुआत रणवीर के किरदार के शुरुआती ट्रेनिंग दिनों से होती है, जहां उन्हें युवा रूप में दिखाया गया है। इसके बाद कहानी आगे बढ़ती है और बताया जाता है कि कैसे हमजा मजारी अली टाउन पर कब्जा जमाता है। टीजर में कई जगह रणवीर सिंह को रहमान डकैत के रूप में दिखाया गया है। कुछ सीन ऐसे भी हैं, जिनमें पहली फिल्म के पुराने फुटेज की झलक मिलती है। टीजर का सबसे दमदार पल आखिर में आता है, जब रणवीर अपनी चर्चित डायलॉग डिलीवरी में कहते हैं- ये नया हिंदुस्तान है, ये घर में घुसेगा भी और मारेगा भी।” तेज-तर्रार एक्शन और दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक टीजर को और प्रभावशाली बनाता है।
सोशल मीडिया पर मिक्स्ड रिएक्शन
टीजर रिलीज होते ही X (पूर्व में ट्विटर) पर फैंस के मिले-जुले रिएक्शन सामने आए। कुछ लोगों को रणवीर का अंदाज बेहद पसंद आया और उन्होंने फिल्म के लिए उत्साह जाहिर किया। वहीं, कुछ यूजर्स का कहना है कि टीजर में पहली ‘धुरंधर’ के कई सीन दोहराए गए हैं, जिससे कुछ नया देखने को नहीं मिला। कई फैंस ने मीम्स के जरिए अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
TOXIC बनाम धुरंधर 2 की तुलना
खास बात यह है कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ और साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘TOXIC’ एक ही दिन, यानी 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली हैं। इसी वजह से सोशल मीडिया पर दोनों फिल्मों की तुलना शुरू हो गई है।
कुछ दर्शक यश की ‘TOXIC’ को ज्यादा दमदार बता रहे हैं, तो वहीं रणवीर सिंह के फैंस ‘धुरंधर 2’ को ब्लॉकबस्टर बता रहे हैं। अब असली फैसला तो रिलीज के दिन ही होगा।
क्या दोहरा पाएगी पहली फिल्म की कामयाबी?
पहली ‘धुरंधर’ ने देशभक्ति, जासूसी और बदले की कहानी से दर्शकों को गहराई से जोड़ा था। अब सीक्वल में और ज्यादा एक्शन, ड्रामा और रिवेंज देखने को मिलेगा।
फिल्म का निर्देशन एक बार फिर आदित्य धर कर रहे हैं। रणवीर सिंह के अलावा फिल्म में संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे बड़े सितारे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ईद के मौके पर रिलीज होने वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी टक्कर देने को तैयार है।
धुरंधर की ऐतिहासिक सफलता
‘धुरंधर’ ने रिलीज के साथ ही कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। कम बजट के बावजूद फिल्म ने भारत में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की और वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 1300 करोड़ तक पहुंच गया। यह पहली हिंदी फिल्म बनी, जिसने यह आंकड़ा छुआ।
ओटीटी पर भी रहा जलवा
थिएटर के बाद ‘धुरंधर’ नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई और सिर्फ 24 घंटे में नंबर-1 ट्रेंड करने लगी। यहां तक कि पाकिस्तान जैसे देशों में बैन होने के बावजूद, फिल्म ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नए रिकॉर्ड बनाए।
अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ क्या पहली फिल्म की विरासत को बरकरार रख पाती है या नहीं।










