पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है, और इसी के साथ एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर सस्पेंस लगभग खत्म होता दिख रहा है। बीजेपी और जेडीयू के बीच बराबरी का फॉर्मूला तय माना जा रहा है, जबकि सहयोगी दलों को भी सम्मानजनक हिस्सेदारी दी जा रही है।
अब तक नाराज़गी दिखा रहे लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान भी अब कह रहे हैं कि “सब ठीक है”, जिससे एनडीए में फिर से एकजुटता का संदेश गया है।
BJP-जेडीयू में बराबरी का समझौता
सूत्रों के मुताबिक, बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से 203 सीटों पर बीजेपी और जेडीयू मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इनमें जेडीयू को 102 और बीजेपी को 101 सीटें मिलने की संभावना है। बाकी 40 सीटों में से 26 लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), 8 हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और 6 सीटें रालोसपा (RLSP) के खाते में जाने की उम्मीद है।
दिलचस्प बात यह है कि मांझी और कुशवाहा को मिलने वाली सीटें बीजेपी अपने हिस्से से देगी। इतना ही नहीं, चिराग पासवान को मिलने वाली 26 सीटें भी बीजेपी के कोटे से ही दी जा रही हैं यानी बीजेपी गठबंधन को एकजुट रखने की पूरी कोशिश में है।
चिराग पासवान का बदला रुख
बीते दिनों असंतोष जताने वाले चिराग पासवान का अब रुख नरम पड़ा है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने दो दिन में चार बार उनसे मुलाकात की है। मुलाकात के बाद नित्यानंद राय ने कहा कि “एनडीए पूरी ताकत से चुनावी मैदान में उतरने को तैयार है, सब कुछ ठीक चल रहा है।”
NDA की घोषणा होगी 11 अक्टूबर को
सूत्रों के अनुसार, 11 अक्टूबर को एनडीए अपने सीट बंटवारे और गठबंधन की औपचारिक घोषणा करेगा। सभी सहयोगी दल — बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी (रामविलास), हम और आरएलएसपी एक साथ मंच साझा करेंगे।
इसके बाद पहली उम्मीदवार सूची 13 अक्टूबर को जारी की जा सकती है। बीजेपी ने हर सीट के लिए तीन संभावित प्रत्याशियों का पैनल पहले ही तैयार कर लिया है।
दिल्ली में होगी अहम बैठक
एनडीए की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए 11 अक्टूबर को दिल्ली में बीजेपी बिहार कोर ग्रुप की बैठक होगी। इसके अगले दिन, 12 अक्टूबर को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुलाई गई है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, और बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा समेत शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहेगा।
सियासी तस्वीर जल्द होगी साफ
राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि जैसे ही एनडीए अपनी सीटों की आधिकारिक सूची जारी करेगा, बिहार की सियासी तस्वीर एकदम साफ हो जाएगी। फिलहाल संकेत यही हैं कि इस बार एनडीए एकजुट होकर पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है।










