उत्तर प्रदेश में अब मानसून की रफ्तार थमने लगी है। लगातार हुई झमाझम बारिश अब विदाई ले रही है। राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल रही है तो कहीं तेज धूप निकलने से तापमान बढ़ रहा है। मौसम में इस बदलाव के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
पश्चिमी यूपी में बरसात, पूर्वी हिस्सों में उमस
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी हिस्सों में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि, कई स्थानों पर मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है और धूप निकलने से लोगों को चिपचिपी गर्मी सताएगी।
किन जिलों में बरसात की संभावना?
सोमवार को आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, बदायूं, बरेली, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, महोबा, ललितपुर, कन्नौज, हरदोई, बहराइच और श्रावस्ती समेत आसपास के इलाकों में हल्की बारिश की बौछारें देखने को मिल सकती हैं।
इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुज़फ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, मेरठ, अमरोहा, संभल, बागपत, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, बांदा, हमीरपुर, कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर और बस्ती जिलों में भी एक-दो जगहों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने फिलहाल बिजली गिरने या तेज आंधी जैसी कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की है।
अगले दिनों का मौसम कैसा रहेगा?
19 से 22 अगस्त तक प्रदेश में यही स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान कहीं धूप और कहीं हल्की बूंदाबांदी देखने को मिलेगी, जबकि उमस से लोगों को राहत नहीं मिलेगी। तापमान में भी कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है।
हालांकि, 23 अगस्त से मानसून के दोबारा सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।










